Bihar Crime: भाजपा नेता के घर गोलियों की बौछार, गेट से बेडरूम तक घुसीं गोलियां, 10 राउंड फायरिंग से हिला इलाका
Bihar Crime: भाजपा नेता और हिंदुत्व के चर्चित चेहरे के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।...
Bihar Crime: हिंदुत्व के चर्चित चेहरे राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। वैशाली जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर पुलिसिया इंतजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष और हिंदुत्व के चर्चित चेहरे राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। अपराधियों ने घर के बाहर से करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के निशान मुख्य दरवाजे से लेकर बेडरूम तक साफ दिखाई दे रहे हैं। वारदात के दौरान राजीव ब्रह्मर्षि घर में ही मौजूद थे और बाल-बाल बच गए।
बताया जाता है कि दो बदमाश बाइक से पहुंचे और कुछ ही देर में घर के बाहर से गोलियों की बौछार शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घर में मौजूद एक कार्यकर्ता भी किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भाजपा नेता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ग्रामीण, एसडीपीओ और एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से करीब 11 खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों को चिन्हित करने में जुटी है। शुरुआती जांच में कई तरह के विवाद सामने आए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।वहीं, राजीव ब्रह्मर्षि ने कहा कि विवाद कई तरह के हो सकते हैं, लेकिन किसी से ऐसा कोई विवाद नहीं है जिसके चलते कोई उनकी जान लेने की कोशिश करे। इसके बावजूद जिस अंदाज में अपराधियों ने घर को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, उससे किसी बड़ी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बरामद खोखों और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट