चिराग पासवान का गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद ,शादी का जश्न बना अखाड़ा, पथराव और अफरा-तफरी से दहला इलाका

Bihar Crime: एक शादी समारोह के दौरान चिराग पासवान का गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। ...

Vaishali Wedding Turns Battleground Stones
बारात में पथराव- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक शादी समारोह के दौरान चिराग पासवान का गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शादी समारोह का खुशनुमा माहौल अचानक खून-खराबे और पथराव में तब्दील हो गया। मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के कथौलिया बांध के पास का है, जहां राजेश पासवान के बेटे पिंटू कुमार की बारात निकलने से पहले ही हालात बेकाबू हो गए।

जानकारी के मुताबिक, शादी की रस्म बिलौकी के दौरान डीजे पर चिराग पासवान का एक गाना बजाया गया। इसी गाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला मामूली तकरार लगा, लेकिन देखते ही देखते यह विवाद गर्म बहस से हिंसक झड़प में बदल गया। माहौल में गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई और शादी का पूरा इलाका मैदान-ए-जंग बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुई इस घटना से बारात में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और महिलाएं-बच्चे सहम गए। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने बारात को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश भी की, जिससे तनाव और बढ़ गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूल्हे समेत कई बारातियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इस पथराव में कई लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार