पटना सिटी में कट्टा लहराने वाला युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

Patna Crime News
Patna Crime News - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ हड्डी के रूप में हुई है, जो छोटी पहाड़ी का रहने वाला है और शीतला मंदिर के पास सब्जी बेचने का काम करता है।


पटना सिटी के एएसपी-1 राज किशोर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक के हथियार लहराने का वीडियो सामने आया था। वीडियो की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान छोटी पहाड़ी निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ हड्डी के रूप में हुई।


पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। बरामद हथियार को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 


एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह पहले किसी आपराधिक घटना में शामिल रहा है या नहीं और उसके हथियार का इस्तेमाल किसी वारदात में हुआ है या नहीं।


फिलहाल अगमकुआं थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रंजीत की रिपोर्ट