पटना में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
Bihar Crime : राजधानी पटना में एकबार फिर बेखौफ अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने दिन-दहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है...
Patna: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना फतेहपुर इलाके की है, जहाँ दोपहर के समय घात लगाए अपराधियों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटनास्थल से बरामद हुए दो खोखे, शिनाख्त की कोशिश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार, फतुहा डीएसपी-1 अवधेश कुमार और दीदारगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल दो खोखे बरामद किए हैं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि युवक को बेहद करीब से गोली मारी गई है। हालांकि, मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र या मोबाइल न मिलने के कारण अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता व्यक्तियों की सूची खंगाल रही है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए बनी स्पेशल टीम
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए फतुहा डीएसपी-1 अवधेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। यह टीम तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की वजह और इसमें शामिल चेहरों का खुलासा कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है ताकि अपराधियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश या किसी गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से बच रही है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद फतेहपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोग पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने का इंतजार कर रही है ताकि जांच को सही दिशा दी जा सके।
रजनीश की रिपोर्ट