कैमूर में युवक की चाकू गोदकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

कैमूर के भभुआ में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बदमाशों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब युवक बाजार मे खरीदारी करने आया था....

कैमूर में युवक की चाकू गोदकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया स
कैमूर मे युवक की चाकू से गोदकर हत्या- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के भभुआ शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ नगर की व्यस्त सब्जी मंडी में अपराधियों ने एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी दहशत का माहौल है।


जूता खरीदने आए युवक को दुकान से खींचकर गली में ले गए हत्यारे 

मृतक की पहचान भभुआ नगर के वार्ड नं 25 निवासी स्वर्गीय अनिल पासवान के पुत्र धनजी पासवान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, धनजी पासवान सब्जी मंडी स्थित एक दुकान पर जूता खरीदने आया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक वहाँ पहुँचे और उसे जबरन दुकान से खींचकर पास की एक गली में ले गए, जहाँ उस पर धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


हत्या से आक्रोशित लोगों ने एकता चौक पर शव रखकर किया सड़क जाम 

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भयंकर आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने शहर के मुख्य एकता चौक पर मृतक का शव रखकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, दो दिन पहले भी हुई थी चाकूबाजी 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि भभुआ शहर में कुछ ही दिन पहले लिच्छवी भवन के पास भी चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


त्योहारों के बीच हत्या से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल 

एक तरफ जहाँ आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस लगातार गश्ती और सुरक्षा के दावे कर रही है, वहीं व्यस्त बाजार में इस तरह सरेआम हत्या की घटना ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश या अन्य कारणों समेत सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को दबोचने का दावा कर रही है।


देवव्रत की रिपोर्ट