Parliament Budget Session 2026: बजट सत्र का दूसरा दिन, पीएम मोदी करेंगे संबोधित, आज पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण, टैक्स में होगी कटौती?

Parliament Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सुबह 10 बजे पीएम मोदी संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करेंगे। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी।

संसद का बजट सत्र
बजट सत्र का दूसरा दिन आज - फोटो : social media

Parliament Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद बजट सत्र की शुरुआत हो गई है। आज दूसरे दिन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी होगा। मोदी सरकार इस बार बजट में किन क्षेत्रों को क्या सौगात देगी, इस पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं। बजट से पहले आज यह साफ हो जाएगा कि आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से भारत का चालू वित्त वर्ष 2025-26 कैसा रहा। 

आज पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करेंगी, जिस पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ संसद के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी सांसदों से ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति के भाषण पर सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।

टैक्स कटौती की उम्मीदें कमजोर

विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार बजट में बड़े टैक्स कटौती की उम्मीद करना व्यावहारिक नहीं है। पिछले बजट में पहले ही करदाताओं को कई राहतें दी जा चुकी हैं। ऐसे में सरकार फिलहाल उन फैसलों के असर का आकलन करना चाहेगी और यह देखेगी कि उनका राजस्व और अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा है।

आज सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री का संबोधन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे संसद परिसर के हंस द्वार पर मीडिया को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वह अपने वक्तव्य में बजट सत्र के एजेंडे और सरकार की प्राथमिकताओं के संकेत देंगे। बजट सत्र के पहले चरण में मुख्य रूप से 2026-27 के केंद्रीय बजट से जुड़े वित्तीय कार्यों पर चर्चा होगी। साथ ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भी बहस होगी। सत्र के दूसरे हिस्से में जरूरी विधायी कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाए जाने की उम्मीद है।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने बताया कि एक दशक पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जबकि अब करीब दो लाख स्टार्टअप पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 50 हजार स्टार्टअप केवल पिछले एक साल में जुड़े हैं। राष्ट्रपति के अनुसार, देश के स्टार्टअप नेटवर्क में 20 लाख से अधिक युवा कार्यरत हैं और 45 प्रतिशत स्टार्टअप में कम से कम एक महिला निदेशक शामिल है।

स्मार्टफोन निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि सरकार के प्रयासों से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और भारत स्मार्टफोन उत्पादन में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों (अप्रैल से अगस्त) में स्मार्टफोन निर्यात एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। पिछले 11 वर्षों में अकेले इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख से अधिक नई नौकरियां पैदा हुई हैं, जबकि आईटी सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स और वैश्विक क्षमता केंद्रों में एक करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।