51 किलो चांदी के रजत सिंहासन पर विराजेंगी छोटी पटनदेवी, नवरात्रि में होगा विशेष चंडी महायज्ञ

शारदीय नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा। श्री पटनदेवी जी गौ मानस सेवा संस्थानम् के तत्वावधान में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक विशेष चंडी पुनर्स्थापना महायज्ञ आयोजित होगा।

Choti Patnadevi
Choti Patnadevi - फोटो : news4nation

Dussehra 2026 :  शारदीय नवरात्रि को लेकर पटना सिटी स्थित आदि शक्ति पीठ छोटी पटनदेवी मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मां छोटी पटनदेवी को 51 किलो चांदी से निर्मित भव्य रजत सिंहासन पर स्थापित किया जाएगा। माता के लिए तैयार किया गया यह रजत सिंहासन स्वर्ण पाषाण मंडप में स्थापित होगा।


शारदीय नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया जाएगा। श्री पटनदेवी जी गौ मानस सेवा संस्थानम् के तत्वावधान में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक विशेष चंडी पुनर्स्थापना महायज्ञ आयोजित होगा। पीठाचार्य आचार्य अभिषेक अनंत द्विवेदी के मार्गदर्शन में होने वाले इस महायज्ञ में कामाख्या और वाराणसी के विद्वान आचार्य शामिल होंगे।


आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए पाठ, जप, ध्यान और पूजा के लिए स्थान एवं व्यवस्था निर्धारित की जाएगी। व्रती महिलाओं के लिए फलाहार, शीतल पेयजल और विश्राम स्थल की व्यवस्था रहेगी।


श्रद्धालुओं को मां के सुगम दर्शन कराने के लिए प्रत्यक्ष दर्शन के साथ झरोखा दर्शन की व्यवस्था भी की जाएगी। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर जूता-चप्पल रखने की सुविधा के अलावा वाहनों की पार्किंग और हाथ-पैर धोने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी।


श्री पटनदेवी जी गौ मानस सेवा संस्थानम् के अध्यक्ष बाबा विवेक द्विवेदी ने बैठक के दौरान आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुविधाओं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


बैठक में आयोजन के संयोजक संतोष पांडेय के अलावा दिलीप कुमार, प्रदीप यादव, उदय शर्मा, परमहंस तिवारी, अरुण खत्री, रविकांत मिश्रा, विचित्र मणि गुड्डू, रविशंकर प्रसाद, विजय गुप्ता, राजकुमार सोनी, वरुण कुमार वर्मा, ऋषिकेश कुशवाहा, मनोज केशरी, संजीव सिंह जय हिंद और भोला प्रसाद वर्णवाल समेत अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।

रजनीश की रिपोर्ट