Bihar TRE-4 protest: सड़कों पर उतरे शिक्षक उम्मीदवार, TRE-4 के कैलेंडर से गायब होने पर अभ्यर्थियों में उबाल, BPSC की सूची ने बढ़ाई बेचैनी

Bihar TRE-4 protest: बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर जारी होते ही शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराज़गी और बेचैनी फैल गई है।...

patna Teacher aspirants to protest as TRE 4 vanishes from ca
TRE-4 के कैलेंडर से गायब होने पर अभ्यर्थियों में उबाल- फोटो : social Media

Bihar TRE-4 protest: बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर जारी होते ही शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराज़गी और बेचैनी फैल गई है। वजह साफ है पूरे कैलेंडर में कहीं भी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का जिक्र नहीं किया गया। 50 से अधिक भर्तियों की संभावित तिथियों वाले इस कैलेंडर में जहां 70वीं, 71वीं और 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, न्यायिक सेवा, APO, तकनीकी और प्रशासनिक पदों के साथ-साथ विशेष शिक्षक और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी जैसी भर्तियां शामिल हैं, वहीं TRE-4 पूरी तरह नदारद है।

कैलेंडर से TRE-4 के गायब रहने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि सरकार जानबूझकर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल रही है। हजारों उम्मीदवारों में गुस्सा और मायूसी दोनों साफ देखी जा रही है। इसी नाराज़गी के बीच शिक्षक अभ्यर्थी आज पटना की सड़कों पर उतरने का ऐलान कर चुके हैं। TRE-4 और लाइब्रेरियन वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन पटना कॉलेज से सुबह 11 बजे शुरू होकर जेपी गोलंबर तक जाएगा।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने पहले एक लाख से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती का वादा किया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर करीब 26 हजार कर दिया गया। अब हालात यह हैं कि सरकार उतनी वैकेंसी भी निकालने के मूड में नहीं दिख रही। छात्र संगठनों का कहना है कि घोषणाएं तो बड़ी-बड़ी की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। उनके मुताबिक, शिक्षक भर्ती को लेकर सिर्फ जुमलेबाजी हो रही है।

हालांकि, शिक्षा मंत्री ने हाल ही में TRE-4 को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां दो साल के भीतर 2.70 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह पूरी तरह सरकारी प्रक्रिया है, जिसमें रोस्टर क्लियरेंस जरूरी होता है। मंत्री के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया की वजह से भर्ती में देरी हुई। फिलहाल आधे जिलों से रोस्टर क्लियरेंस मिल चुका है, जबकि बाकी जिलों का इंतजार है।

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा था कि रोस्टर क्लियरेंस मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग आरक्षण नियमों के तहत प्रक्रिया पूरी करेगा और इस बार करीब 25 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की संभावना है। उन्होंने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया था कि जनवरी के बाद TRE-4 की प्रक्रिया शुरू होगी। मगर कैलेंडर में नाम न होने से यह भरोसा अब सवालों के घेरे में आ गया है।