Sarkari Naukri: बिहार में नौकरी का बड़ा मौका! राजस्व विभाग में 3846 पदों पर भर्ती जल्द, जानें पूरी डिटेल्स
बिहार में 3846 पदों पर राजस्व पदाधिकारी और कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके लिए BSSC को अधियाचना भेज दी गई है। जल्द ही अधिसूचना जारी हो सकती है।

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य के युवाओं को बड़ी खुशखबरी दी है। विभाग में 3846 पदों पर जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इन भर्तियों के जरिए 287 राजस्व पदाधिकारी और 3559 राजस्व कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने हाल ही में विधानसभा में इस संबंध में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय संवर्ग में राजस्व कर्मचारी के 8463 स्वीकृत पदों में से 4904 पदों पर कर्मी कार्यरत हैं, जबकि 3559 पद रिक्त हैं। इन रिक्तियों को भरने के लिए बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) को अधियाचना भेजी गई है।
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राजस्व संबंधी कार्यों को सुचारू रूप से चलाने और भूमि सुधार प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से ये भर्तियां की जा रही हैं। इससे राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। भर्ती प्रक्रिया एवं शैक्षणिक योग्यता से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और समाचार पत्रों पर नजर रखें, ताकि कोई महत्वपूर्ण अपडेट छूट न जाए।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने बताया कि जिला स्तरीय संवर्ग में राजस्व कर्मचारी के 8463 स्वीकृत पदों में से 4904 पदों पर कार्मिक कार्यरत हैं, जबकि 3559 पद रिक्त हैं। इसके अलावा अमीन के 1802 स्वीकृत पदों में से 1400 पदों पर कार्मिक कार्यरत हैं, जबकि 402 पद रिक्त हैं। इन पदों पर भी नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। वर्ष 2023 में 1761 अमीनों की नियुक्ति की गई। वहीं, बिहार राजस्व सेवा के तहत राजस्व पदाधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड के 1603 स्वीकृत पदों में से 906 पदों पर कार्मिक कार्यरत हैं। इस वित्तीय वर्ष में 168 अभ्यर्थियों की नियुक्ति भी की गई है।
बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत 287 राजस्व पदाधिकारी एवं समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी गई है। इससे राज्य में प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और युवाओं को सरकारी नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलेंगे।