Bihar Election 2025: नामांकन से पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत, इस मामले में मिली जमानत
Bihar Election 2025: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को एक ओर मामले में जमानत मिल गई है। पहले चरण के नामांकन से पहले अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। अनंत सिंह ने आत्मसमर्पण किया और उन्हें जमानत मिल गई।

Bihar Election 2025: मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को पहले चरण की नामांकन से पहले बड़ी राहत मिली है। बता दें कि पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है और आज से पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो गई है। पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। पटना, मोकामा, बाढ़ सहित 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बाहुबली नेता अनंत सिंह 14 अक्टूबर से मोकामा से नामांकन करने वाले हैं। हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसी बीच बड़ी खबर सामने आ रही है कि अनंत सिंह को धमकी मामले में जमानत मिल गई है।
नामांकन से पहले अनंत सिंह को बड़ी राहत
जानकारी अनुसार मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने गुरुवार को सांसद-विधायक से जुड़े आपराधिक मामलों की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण किया। अदालत ने उन्हें मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने के मामले में जमानत दे दी। मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में हुई। जहां आरोप की धाराएं जमानतीय पाई गईं। इस पर अदालत ने अनंत सिंह को जमानत पर मुक्त करने का आदेश दिया। उनके वकील सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला पटना हाईकोर्ट के एक वकील को फोन पर गाली-गलौज करने से जुड़ा है।
अनंत सिंह को मिली जमानत
सूत्रों के अनुसार, मामले के सूचक ने जेल में बंद अनंत सिंह की इस घटना में संलिप्तता बताई थी। इधर, रंगदारी मांगने के एक अन्य मामले में भी पूर्व विधायक अनंत सिंह और राजद प्रवक्ता श्रवण कुमार उर्फ बंटू सिंह का बयान आरोपी के तौर पर कलमबंद किया गया। दोनों ने सभी आरोपों से इनकार किया।
इस मामले में दर्ज था केस
वकील सुनील कुमार सिंह के मुताबिक, इस मामले में सूचक ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने रंगदारी मांगी और साढ़े छह कट्ठा जमीन जबरन लिखवा ली। यह मामला श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में दर्ज है। बता दें कि अनंत सिंह मोकामा क्षेत्र के प्रभावशाली पूर्व विधायक हैं और उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई फिलहाल विशेष अदालत में चल रही है।