Lahaul-Spiti Landslide: कडू नाला के पास पहाड़ दरकने से दबी टैक्सी, 6 महीने की मासूम समेत 13 की मौत

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी मलबे में दब गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 महीने की बच्ची समेत 13 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

 Lahaul spiti kadu nala landslide taxi accident 13 dead resc
हिमाचल के के लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा 6 महीने की मासूम समेत 13 की मौत- फोटो : news 4 nation

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा दरक कर सड़क पर आ गिरा। इस दौरान कुल्लू से पांगी की ओर जा रही एक टैक्सी भारी-भरकम मलबे की चपेट में आ गई। मलबा इतनी तेजी से गिरा कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन पूरी तरह दब गया।


6 महीने की बच्ची समेत 13 यात्रियों की मौत

हादसे में टैक्सी सवार 13 लोगों की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है। घटनास्थल पर पहुंचे भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने बताया कि मृतकों में छह महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है। वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से एक घायल को मलबे से सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।


सड़क खुलते ही शुरू हुआ था दुर्भाग्यपूर्ण सफर

जानकारी के मुताबिक, उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले हुए लैंडस्लाइड के कारण बंद था, जिसके चलते सभी यात्री तिंदी क्षेत्र में ठहरे हुए थे। शुक्रवार को मार्ग साफ होने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई थी, लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद कडू नाला के पास यह भीषण हादसा हो गया। रेस्क्यू टीम ने जब मलबे को हटाया तो अधिकांश लोग दम तोड़ चुके थे।


NDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और NDRF की टीमें जेसीबी व भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा काफी बढ़ गया है। घटना के बाद प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर अत्यधिक सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।