RANCHI:बजट सत्र की तैयारियों को लेकर झारखंड की मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदेश कार्यालय में अपने सभी विधायकों और कार्यकर्ताओं की बैठक की। इस बैठक में बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति पर योजना बनाई गई।
सरकार सत्ता के नशे में चूर
भाजपा नेता और हटिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नवीन जायसवाल ने बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार सत्ता के नशे में चूर है और जनता को किए गए अपने वादों को पूरा नहीं कर पा रही है। ऐसे में भाजपा जनादेश का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और आगामी बजट सत्र में एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
भाजपा एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएगी
नवीन जायसवाल ने कहा कि लाखों नौकरी का वादा करके सरकार सत्ता में आई थी और महज सौ-दो सौ नौकरियां देकर अपनी पीठ थपथपा रही है। सरकार बेरोजगीरी भत्ता और सस्ती रसोई गैस पर किए गए अपने चुनावी वादों पर बात तक नहीं कर रही है। इसलिए भाजपा एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता के मुद्दों को बजट सत्र के दौरान मजबूती से उठाएगी।
भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह असफल है सरकार
जायसवाल ने सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में तो धांधली आम बात हो गई है और अब तो दसवीं बोर्ड़ की भी पेपर लीक होने लगा है। यह सरकार शिक्षा में फैले भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह असफल है और शिक्षा माफियाओं के साथ मिलकर काम कर रही है।
कई नेता रहै मौजूद
बता दें कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने की। इस बैठक में नवीन जायसवाल के अलावा क्षेत्रिय महामंत्री नागेन्द्र त्रिपाठी सहित विधायक सीपी सिंह, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, नीरा यादव, सत्येंद्र तिवारी, शशि भूषण मेहता आदि मौजूद रहे।
अभिषेक-सुमन की रिपोर्ट