सुपौल में 250 जवानों को खाने में खिलाया सल्फास? बिगड़ी तबियत, अस्पताल में भर्ती, कमाडेंट पर लगा बड़ा आरोप

सुपौल में 250 जवानों को खाने में खिलाया सल्फास?  बिगड़ी तबिय

सुपौल: जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब वीरपुर-भीमनगर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 12 वी और 15 वी बटालियन में प्रशिक्षण के लिए आए करीब 250 जवानों की तबीयत एकाएक बिगड़ गयी. जवानों को वीरपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. खाना खाते हीं सभी जवानों को उल्टी-दस्त शुरु हो गया जिसके बाद उन्हें आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. 

सुपौल में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 12 वी और 15 वी बटालियन में प्रशिक्षण के लिए आए प्रशिक्षुओं के खाने में सल्फास की गोली मिली. खाना खाने से कई प्रशिक्षुओं को तबियत बिगड़नी शुरु हो गयी.

जवानों का आरोप है कि उन्हें दिया गया खाना खराब था और उन्हें रसोई में सल्फास की पुड़िया भी मिली.  रविवार दोपहर को खाना खाने के बाद जवानों की तबियत बिगड़ने लगी. उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. रात 10 बजे तक लगभग 250 जवान वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच चुके थे.

घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार और वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार भी अस्पताल पहुंचे. वहीं  प्रशिक्षु जवान मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें ट्रेनिंग के दौरान लगातार खराब खाना दिया जा रहा था. उन्होंने बताया कि जवान कई बार इसका विरोध भी कर चुके थे. मुकेश ने बताया कि रविवार को जब जवानों की तबियत बिगड़ी और वो रसोई में गए तो उन्हें वहां सल्फास की पुड़िया मिली.

वहीं इलाज में भी कोताही का आरोप लग रहा है. इलाज के दौरान मात्र एक चिकित्सक होने के चलते बीमार जवानों के उपचार में देरी होने से अनुमंडल अस्पताल में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के प्रशिक्षुओं ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया. जवानों का कहना था कि इतने बड़े अस्पताल में मात्र एक चिकित्सक के द्वारा इलाज किया जा रहा है. ये इलाज होते होते सुबह हो जाएगी और इतने समय में किसकी जान बचेगी और कौन रहेगा ये कहना मुश्किल है. वहीं इसी क्रम में कई जवानों ने बताया कि अस्पताल में किसी भी दवाई की सुविधा नहीं है. सभी दवा खरीदकर लाना पर रहा है.

बहरहाल प्रशिक्षु जवानों के खाने में कथित तौर पर सल्फास मिलने से हड़कंप मचा हुआ है.

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह