बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सुपौल में हर्ष फायरिंग के दौरान अधेड़ को लगी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत, जाँच में जुटी पुलिस

सुपौल में हर्ष फायरिंग के दौरान अधेड़ को लगी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत, जाँच में जुटी पुलिस

SUPAUL : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में थलहा गढ़िया उत्तर पंचायत के कुपड़िया वार्ड नंबर-13 में शादी देखने गए एक अधेड़ व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। घटना सोमवार की देर रात की है। बताया जाता है कि वह शादी में गया था और डांस देख रहा था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग हुई। जिसमें उसे गोली लग गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों के द्वारा उसे इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। जहाँ निजी क्लीनिक में उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही त्रिवेणीगंज थाने की पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर भी पहुंची। 


मृतक की पहचान कुपड़िया निवासी 50 वर्षीय संजय यादव के रूप में हुई है। घटना को लेकर चचेरे भाई बाबूनंद यादव ने बताया कि कुपड़िया वार्ड नंबर-13 में दु:खी दास के यहां बेटी की शादी थी। उसी शादी में भोज खाने के लिए उनका भाई संजय यादव गया था।

भोज खाने के बाद शादी में आए बैंड बाजा और डांस को देखने लगा। इसी दौरान किसी ने गोली चला दी जो उसके भाई को लग गई। वही मृतक का भतीजा 25 वर्षीय चंचल कुमार ने बताया कि गांव के ही वार्ड नंबर एक निवासी दिनेश यादव का बेटा 30 वर्षीय पप्पू कुमार यादव के द्वारा गोली चलाई गई है। गोली लगने के बाद इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया था। परिजन संजय यादव को लेकर चले गए और सुपौल शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया था। जहां सोमवार की रात करीब दो बजे संजय यादव की मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपी को जल्द पकड़ने की प्रशासन से मांग की है। त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थानाध्यक्ष ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही।

सुपौल से पप्पू आलम की रिपोर्ट 

Suggested News