बाबा धाम से लौट रही कांवरियों से भरी पिकअप की ट्रैक्टर से हुई जोरदार भिड़ंत, एक महिला की मौत, 25 लोग घायल

JAMUI : सावन की दूसरी सोमवारी जमुई में बड़ा हादसा हो गया। यहां कांवड़ियों से भरी एक पिकअप की ट्रैक्टर के साथ भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक महिला कांवड़िया की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में पिकअप वाहन पर सवार 25 कांवड़ियों में 14 लोग बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हुए 13 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घायलों में कई महिलाएं शामिल

मृतका की पहचान नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओडो गांव निवासी रमेश मांझी की पत्नी सोना देवी के रूप में हुई है। वहीं, घायल कांवड़ियों में रौशन दयानंद, बीरेंद्र विश्वकर्मा, मिथुन कुमार, रूबी देवी, ललिता देवी, कपूर देवी, सोनी देवी, सीता देवी, पूनम देवी, यशोदा देवी, गीता देवी और कौशल्या देवी शामिल हैं।

बाबा धाम से पूजा कर लौट रहे थे सभी

बताया जाता है कि एक ही गांव के रहने वाले 25 कांवड़िया पिकअप वाहन पर सवार होकर पूजा करने देवघर गए थे। पूजा करने के बाद सभी लोग वापस अपने घर पिकअप वाहन पर सवार होकर लौट रहे थे। जैसे ही पिकअप वाहन महादेव सिमरिया के पास पहुंची, इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई।

Nsmch
NIHER

दो कांवरियों की हालत चिंताजनक

इस दुर्घटना में पिकअप वाहन के आगे का चक्का खुलकर फेंका गया और गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिस पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 13 कांवड़िया घायल हो गए। वहीं, घायलों में दो कांवड़ियों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है।