BANKA: बांका में बिहुला-बिषहरी पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। वहीं एक महिला भी बेहोश हुई है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा कि स्थानीय पुलिस प्रशासन की अनदेखी के कारण युवक की जान गई है। जानकारी अनुसार मौके पर एक भी गोताखोरों की तैनाती नहीं थी। विसर्जन नदी किनारे पुलिस भी नहीं थी। वहीं मृतक को एक घंटे बाद स्थानीय लोगों ने नदी से खोज कर निकाला। मेला देखने आए लोगों ने प्रशासन की लापरवाही के कारण मौत होने की बात कही।
दरअसल, यह घटना शुक्रवार की संध्या की है। जहां बिहुला-बिषहरी पूजा के बाद प्रखंड अंतर्गत कटरिया नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से 35 वर्षीय ओड़हरा गांव निवासी विनोद लैया की मौत हो गई। जिसे देखकर गांव के ही चिंटी देवी बेहोश हो गई। सुरक्षा की अनदेखी के कारण डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रखंड क्षेत्र के अधिकतर प्रतिमा का विसर्जन कटरिया नदी में ही होता है। उक्त जगह मेला में बहुत भीड़ भी लगती है। इसके बाद भी नदी किनारे एक भी गोताखोरों की तैनाती नहीं की गई थी। न ही पुलिस प्रशासन की कोई व्यवस्था देखने को मिली।
वहीं दूसरी ओर जेसीबी के माध्यम से मिट्टी उठाव को लेकर काफी गड्ढा भी खोद दिया गया था। जिसके कारण गहराई का पता नहीं चल पाया। स्थानीय लोगों ने ही नदी से एक घंटे के बाद खोज कर डूबे हुए युवक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। मेला देखने आए लोगों ने कहा कि यदि मौके पर गोताखोर एवं पुलिस प्रशासन रहती तो जान बच सकती थी।
जानकारी के अनुसार ओड़हरा गांव निवासी स्वर्गीय नरेश लैया का 35 वर्षीय पुत्र विनोद लैया बिहुला-बिषहरी प्रतिमा विसर्जन को लेकर कटरिया नदी गया हुआ था। प्रतिमा विसर्जन करने के दौरान डूबने से मौत हो गई।जिसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सीओ मोइनुद्दीन ने बताया कि प्रथम विशेषण के दौरान डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा राशि दिया जाएगा। वहीं मौके पर धोरैया विधायक भूदेव चौधरी पहुंच कर परिजनों से मुलाकात कर संतवाना दिया है।
बांका से चन्द्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट