ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में नवादा के एक युवक की मौत, 6 गंभीर रुप से घायल, परिजनों में मचा कोहराम

NAWADA: ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में बिहार मूल के लोग भी शिकार बने हैं। बिहार से केरल जा रहा मजदूरों का जत्था इस हादसे का शिकार हुआ है। इसमें अब तक दो की मौत हो चुकी है जबकि करीब 8 घायल है। उनमें 2 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पहले शख्स मोतिहारी के रामगढ़वा प्रखंड के चिकनी गांव के राजा पटेल (25) हैं जिनकी मौत की पुष्टि हो गई है। वहीं नवादा जिले के भी एक युवक की मौत की खबर सामने आ रही है, वहीं करीब  लोग घायल है। 

दरअसल, जिले के रोह प्रखंड के मड़रा गांव के बद्री मांझी के पुत्र पप्पू मांझी की इस घटना में मौत हुई है। वहीं मड़रा पंचायत के मुखिया देवेंद्र प्रसाद ने पुष्टि कर बताया कि नवादा में एक की मौत 6 घायल हुए हैं। घायलों में राजकुमार मांझी, कन्हैया कुमार, मनोज मांझी, मुकेश मांझी, मंटू मांझी, राजेश मांझी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।

बताते चलें कि, घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की है। नीतीश कुमार ने ओडिशा के बालासोर में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास हुई भीषण रेल दुर्घटना में 200 से अधिक लोगों की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताया है। मुख्यमंत्री इस दुखद घटना से मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है एवं दुख की इस घड़ी में मृतक के शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुये लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी ईश्वर से कामना की है।

Nsmch

वहीं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने घटना में शोक जताया है. उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा, कल शाम बालासोर (ओडिशा) में हुआ भयावह रेल दुर्घटना अत्यंत ही दुखद और मन-मस्तिष्क को झकझोर देने वाला है। ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि शोक-संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति, दिवंगत आत्माओं को चिरशांति और घायलों को अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।