लखनऊ. तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन को शुरू से समर्थन दे रही ''आप'' 27 सितंबर को किसान संगठनों के भारत बंद की ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित करने में जुट गई है। भारत बंद को लेकर शनिवार देर शाम ''आप'' के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने किसान नेता राकेश टिकैत से मुलाकात की, तो वहीं रविवार को प्रेसवार्ता करके प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से किसानों के भारत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।
टिकैत से मुलाकात के बाद बयान जारी करते हुए संजय सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का आम आदमी पार्टी समर्थन करेगी। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता किसान आंदोलन के साथ है। आप प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने व्यापारी एवं दुकानदार से इस दिन अपने व्यावसाय और प्रतिष्ठान बंद करने का आह्वान किया.
वहीं रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि भाजपा ब्रज क्षेत्र में किसान सम्मेलन का आयोजन ऐसे वक्त में कर रही है, जब वहां बीमारी के चलते बच्चों की मौतें हो रही हैं। भाजपा नेतृत्व अपने दायित्व भूल चुका है। उसका किसान सम्मेलन दिखावा है। अगर वह किसान हितैषी है तो उसे तत्काल तीनों काले कानून वापस लेने चाहिए, जिससे कि किसान अपनी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य पा सकें।
देश के इस सबसे लंबे आंदोलन को पहले दिन से आप पार्टी ने समर्थन दिया है। 27 सितंबर को ऐतिहासिक भारत बंद इसे एक बार फिर साबित करेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारी एवं दुकानदार कार्यकर्ता से इस दिन अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि भारत बंद को हमारा नैतिक समर्थन है।