NALANDA : अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर पिछले एक माह से अधिक समय से जिले की सभी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं हड़ताल पर हैं। हड़ताल पर रहने वाली जिले की 38 सेविकाओं व तीन सहायिकाओं को सोमवार को चयनमुक्त कर दिया गया। चयनमुक्त की जानकारी मिलते ही जिले की सभी सेविका सहायिका ने मंगलवार को आईसीडीएस कार्यालय पहुंच कर सामूहिक इस्तीफा देते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया।
इस मौके पर नालंदा आँगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की जिलाध्यक्ष आशा कुमारी ने कहा की 4 सूत्री मांग को लेकर 9 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। सरकार हम पर दवाब देने के लिए बर्खास्त कर रही है। आज हमलोग सामूहिक रूप से अपना अपना इस्तीफा सौपने आये हैं। सरकार जब तक हमलोगों की बात नहीं मानेगी। तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वहीँ डीपीओ ने बताया कि उनके स्तर से आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष से हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौटने के संबंध में वार्ता की गयी। लेकिन, हड़ताल से वापस लौटने को वे तैयार नहीं हुईं। इसके पहले सीडीपीओ स्तर से सेविकाओं से केन्द्र बंद रखने पर दो बार स्पष्टीकरण किया जा चुका है। विभागीय आदेश पर महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा सेविकाओं के घरों व केन्द्रों केन्द्र पर 24 घंटे में हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने का आग्रह किया जा चुका है।
लेकिन सेविका-सहायिकाएं काम पर लौटने की बजाय हड़ताल पर डटी रहीं। डीपीओ ने बताया कि निदेशालय द्वारा प्रेस मिडिया के माध्यम से भी दो बार सेविकाओं व सहायिकाओं को हड़ताल से काम पर लौटने की अपील की गयी थी। काम पर नहीं लौटने पर कार्रवाई की गयी है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट