टीकाकरण के सारे रिकॉर्ड टूटे, एक दिन में ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों ने लिया कोरोना का टीका, देर रात तक बिहार में 29.64 लाख रहा आंकड़ा

PATNA : भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। शुक्रवार को एक दिन में 2.50 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। CoWIN पोर्टल के मुताबिक, देर रात 12 बजे तक वैक्सीन की 2 करोड़ 50 लाख 10 हजार 390 डोज लगाई गई। शुक्रवार को लगभग रिकॉर्ड 2.50 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। जबकि इससे पूर्व एक दिन में 1.33 करोड़ टीके लगाने का रिकॉर्ड बना था। इस कामयाबी पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि दुनिया में अब तक एक दिन कहीं भी वैक्सीन की इतनी डोज नहीं दी गई हैं।



बिहार शीर्ष राज्यों में रहा शामिल

वहीं बिहार में टीकाकरण महाअभियान के तहत रात्रि 11.30 बजे तक लगभग 29,64,000 टीकाकरण किया है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए बताया कि आज बिहार ने पूरे देश में सर्वाधिक टीकाकरण किया है। मैं इस उपलब्धि के लिए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देता हूँ। अन्य राज्यों की बात करें तो अकेले कर्नाटक में शुक्रवार को 26.92 लाख डोज लगाए गए। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने कहा- मैं उन सभी स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस ऐतिहासिक टीकाकरण अभियान में शामिल रहे हैं।




यूरोप,चीन को भी छोड़ दिया पीछे

भारत में अब तक 78 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना का वैक्सीन लगाया जा चुका है। जो यूरोप के सभी देशों में लगे वैक्सीनेशन 77 से भी अधिक है। अब इस माह के अंत तक यह आंकड़ा 100 करोड़ तक पहुंचाने की योजना है। बात अगर एक दिन में वैक्सीनेशन की करें तो शुक्रवार को 2.50 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाने के बाद भारत ने चीन के रेकॉर्ड (2.47 करोड़ डोज) को भी पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं कई छोटे देशों की कुल जनसंख्या से भी ज्यादा के आंकड़े में वैक्सीन डोज भारत ने सिर्फ एक ही दिन में लगा दिए। अगर न्यूजीलैंड जैसे देशों की बात करें तो उनकी जनसंख्या से 5 गुना ज्यादा टीके हमारे देश में सिर्फ कुछ ही घंटों के भीतर लग गए हैं।