डेस्क... भारत के दक्षिणी राज्यों के समुद्री इलाकों में बीते दिनों निवार तूफान ने कहर ढाया, जिसमें कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। साथ ही कई मकान और पेड़ क्षतिग्रस्त हुए हैं। तूफान के कारण बिजली की लाइनें भी प्रभावित हुई हैं। हालांकि इसके बावजूद सैकड़ों लोग भारी बारिश में आंध्र प्रदेश के गोदावरी नदी के तट पर एकत्र दिखे। दरअसल लोगों में यह खबर फैल गई कि निवार के कारण तट पर सोना बहकर आ गया है, जिसके बाद उसे बटोरने के लिए वहां पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
यह नजारा था शनिवार को आंध्रप्रदेश में उडप्पा गांव का है। जानकारी के मुताबिक भीड़ लगते ही लोग वहां सोना खोजने लगते। ऐसा कहा जा रहा था कि यह सोना तट तक पानी में बहकर आया था। सबसे पहले कुछ मछुआरों ने इस सोने को पाया। इसके बाद जैसे ही यह खबर फैली तो सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए।
सोने के मिलने के पीछे कुछ लोगों का कहना है कि इलाके में कुछ ऐतिहासिक मंदिर हैं, जो समय के साथ समुद्र में डूब गए हैं। अब निवार तूफान के कारण उनसे निकली चीजें समुद्री किनारे तक आ रही हैं। स्थानीय असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि इस इलाके में यह सामान्य बात है कि जब भी मंदिर या मकान बनाया जाता है तो उसकी नींव में सोना गाड़ा जाता है। तूफान के कारण इन मंदिर और मकानों की नींव में पड़ा सोना पानी में बहकर यहां आ सकता है। अब राजस्व अधिकार इस मामले की जांच के लिए जल्द गांव जाने की योजना बना रहे हैं।