बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

पुलिस हैं या हैवान ! आरोपी की तलाश में महिलाओं को बनाया निशाना, जमकर की पिटाई

पुलिस हैं या हैवान ! आरोपी की तलाश में महिलाओं को बनाया निशाना, जमकर की पिटाई

ARA : आरा में पुलिस की हैवानियत देखने को मिली है। रात में घर में घुसकर महिलाओं पर अंधाधुंध लाठियां बरसायी गयीं। पीट-पीटकर उनको लहूलुहान कर दिया गया। एक तरफ आलाधिकारी पुलिस को पीपुल फ्रेंडली बनाने की बात कहते हैं वहीं दूसरी ओर उनकी कारगुजारियों से सिर शर्म से झुक जाता है। घर में घुसकर निहत्थे महिलाओं की पिटाई करनेवाले पुलिसवालों को आप क्या नाम देंगे...

ऐसा लगता है कि वर्दी पहन लेने के बाद पुलिस इंसान नहीं हैवान का रूप धारण कर लेती है। वह महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों के साथ कैसा व्यवहार किया जाए, यह भूल जाती है। खूंखार अपराधियों के साथ जिस तरह का बर्ताव किया जाता है, आरा पुलिस ने महिलाओं के साथ उसी तरह का बर्ताव किया। 

महिलाओं की बेरहमी से पिटाई

अपराधियों के आगे घुटने टेकनेवाली आरा की पुलिस ने महिलाओं को मार-मारकर लहूलुहान कर दिया। तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं किस कदर बेरहमी से महिलाओं की पिटाई की गयी। पुलिसवालों ने न सिर्फ महिलाओं को पीटा है बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी की गयी है। बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बढ़ रहे अपराध को लेकर हाईलेवल मीटिंग की थी जिसमें पुलिस को पीपुल फ्रेंडली बनाने की बात कही गयी थी। इस संदर्भ में डीजीपी और आईजी, डीआईजी का आदेश भी बेअसर दिख रहा है। 

क्या है पूरा मामला    

आरा में पुलिस एक कुख्यात अपराधी की टोह में शाहपुर थाना के सोनवर्षा गांव गयी थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात ब्रजेश मिश्रा शिवाजीत मिश्रा के घर छुपा हुआ है। पुलिस जब वहां पहुंची तो वो नहीं मिला। इसी से तमतमाए पुलिसवालों ने घर की महिलाओं को पीटना शुरू कर दिया। न सिर्फ महिलाओं को पीटा गया बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी की गयी। जख्मी महिलाओं ने एएसपी मनजीत व अन्य पुलिसवालों पर यह इल्जाम लगाया है। 

विशेश्वर ओझा हत्याकांड में नामजद है ब्रजेश

शाहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी व फिलहाल एक हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद शिवाजीत मिश्रा के घर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को खबर मिली थी कि शिवाजीत के घर कुख्यात ब्रजेश मिश्रा छुपा हुआ है। सोमवार की देर रात एएसपी जगदीशपुर मनजीत सिमरौन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस कुख्यात ब्रजेश मिश्रा को गिरफ्तार करने शिवाजीत के घर पहुंची लेकिन जब पुलिस के हाथ ब्रजेश नहीं लगा तो सारे पुलिसवाले घर की महिलाओं पर अपना कहर बरपाने लगे। 

जख्मी महिलाओं का इलाज आरा के सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वो लोग लगातार ब्रजेश को कोर्ट में सरेंडर करने के लिए दबाव बना रहे हैं। बता दें कि बिहार बीजेपी के नेता विशेश्वर ओझा की हत्या में ब्रजेश मिश्रा नामजद है और फिलहाल फरार चल रहा है।


Suggested News