नीतीश के सीएम पद से इस्तीफा देते ही राजद हुई आक्रामक, तेज प्रताप यादव का निशाना – ‘तेरा अंत होगा’, रोहिणी ने बताया ‘कूड़ा’

नीतीश के सीएम पद से इस्तीफा देते ही राजद हुई आक्रामक, तेज प्

पटना. नीतीश कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया तो उसके बाद उन्होंने काफी सधे शब्दों में राजद को निशाने पर लिया. बिना राजद या लालू-तेजस्वी यादव का नाम लिए ही नीतीश ने कई गंभीर आरोप लगाए. लेकिन, इस बीच अब लालू यादव के खेमे से भी बिना नाम लिए ही नीतीश कुमार को निशाने पर लिया गया है. लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर कविता के माध्यम से नीतीश कुमार को निशाने पर लिया. उन्होंने अपनी कविता में नीतीश कुमार के अंत होने को लेकर बड़ी बात कही है. 

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर काफी जोरदार हमला किया है. उन्होंने लिखा है. ‘जब भाव न जागा भावों में, उस भावों का कोई भाव नहीं. ऐसी भावों का कोई स्थान नहीं, जिनका भाव नहीं अपनों की भावों में. कहाँ रखी है भाव तेरी, जिनका ख़्याल तेरी भावों में, बस सत्ता का ख़्याल है तेरी भावों में, अपनों के भावों का क्या हुआ। तेरा अंत होगा और अंत होगा तेरी भावों का, कोई स्थान नहीं होगा तेरा, जब बात होगी तेरी भावों का॥‘

वहीं लालू यादव के बेटी रोहिणी आचार्य ने भी बिना नीतीश कुमार का नाम लिए सोशल मीडिया पर हमला बोला है. उन्होंने ‘कूड़ा’ कहकर काफी जोरदार तरीके से अपना प्रहार किया है. रोहिणी ने दो अलग अलग ट्वीट किए है. इसमें रोहिणी ने एक ट्वीट में कहा है ‘DNA oops NDA’. वहीं दूसरे ट्वीट में रोहिणी ने एक कचरा गाड़ी की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा है ‘कूड़ा गया फिर से कूड़ेदानी में, कूड़ा - मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक’.

इसके पहले भी रोहिणी ने एक अन्य ट्वीट में कहा- ‘तेजस्वी की विकासोन्मुखी राजनीति का है मूल - मंत्र : बिहार की गौरव गाथा में जोड़ना है हर रोज एक नया पन्ना, बाधा सामने चाहे कितनी भी बड़ी हो हिम्मत नहीं है कभी हारना’.