औरंगाबाद पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया पर्दाफाश, 7 युवकों और 8 युवतियों को आपत्तिजनक हालत में किया गिरफ्तार
 
                    AURANGABAD : औरंगाबाद पुलिस ने दाउदनगर में एक होटल में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल से सात लड़को और आठ लड़कियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये लड़के-लड़कियों को दाउदनगर थाना लाकर उनसे आवश्यक पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इसकी सूचना लड़के-लड़कियों के परिजनों को देते हुए अग्रेतर कार्रवाई के लिए दाउदनगर थाना बुलाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दाउदनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दाउदनगर-गया रोड स्थित एक होटल में सेक्स रैकेट का संचालन हो रहा है। इसकी सूचना पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गयी। पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर दाउदनगर के एसडीपीओ ऋषि राज के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की। इस दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से कुल 15 लड़के-लड़कियों को पकड़ा गया। इनमें 7 लड़के एवं 8 लड़कियां शामिल है।
छापेमारी के दौरान होटल का मैनेजर सहित पूरा स्टाफ होटल से भाग निकलने में सफल हो गया। पुलिस पकड़े गये लड़के-लड़कियों को दाउदनगर थाना लाकर आवश्यक पूछताछ कर रही है। पुलिस ने लड़के-लड़कियों के अभिभावकों को मामले की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए दाउदनगर थाना बुलाया है। छापेमारी टीम में दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली एवं पुलिस बल शामिल थे।
 
                 
                 
                 
                 
                 
                                         
                                         
                             
                             
                     
                     
         
                     
                     
                     
                     
                    