बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

मजबूत होने से पहले ही कमजोर हो गये मदन मोहन झा के हाथ !

मजबूत होने से पहले ही कमजोर हो गये मदन मोहन झा के हाथ !

PATNA : कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के पदभार संभालने के मौके पर पार्टी का आंतरिक कलह फिर सतह पर आ गया। इस खास मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, कांग्रेस के सबसे सीनियर लीडर सदानंद सिंह और विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा जैसे नेता गैरहाजिर रहे। नये प्रदेश अध्यक्ष के हाथ मजबूत होने के पहले ही कमजोर हो गये। 

सीनियर लीडर स्वागत समारोह से रहे गैरहाजिर

कांग्रेस के नये नवेले प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा शुक्रवार को नयी उम्मीदों के साथ अपना पदभार संभालने के लिए कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। उनके लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी, 9 बार से विधायक चुने जा रहे सीनियर लीडर सदानंद सिंह और हाल ही में विधान पार्षद बने प्रेमचंद मिश्रा ने इस समारोह से दूरी बना ली। राहुल गांधी ने इस उम्मीद से मदन मोहन झा को पार्टी की कमान सौंपी थी कि इससे पार्टी में व्याप्त गुटबाजी खत्म हो जाएगी। नये प्रदेश अध्यक्ष की प्राथमिकता में भी यह सबसे ऊपर था। लेकिन इसके बाद भी पार्टी की उम्मीदों पर पानी फिर गया। नये प्रदेश अध्यक्ष की पारी का आज पहला दिन था। पहले दिन ही विवादों के बीज पड़ गये।

अखिलेश सिंह ने कहा, मैं गरम दल का नेता

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने खुद को गरम दल का नेता और मदन मोहन झा को सीधा-साधा नेता बताया। उन्होंने कहा कि अगर मैं अध्यक्ष बनता और मंच पर कुव्यवस्था देखता तो पहले दिन ही झगड़ा हो जाता। अखिलेश सिंह ने मदन मोहन झा के बार में कहा, आप धीरे-धीरे अपनी बात रखते हैं लेकिन टिकट बंटवारे के समय अपनी आवाज मजबूती से बुलंद कीजिएगा। कई बार टिकट बदल दिये जाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। मजबूत उम्मीदवार के हक के लिए लड़ना होगा। अगर आपको लगे कि टिकट बंटवारे में पूरी मुस्तैदी से अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं या कमजोर पड़ रहे हैं तो मुझे आगे कर दीजिएगा। मैं तो लड़ने के लिए तैयार हूं। पहले यह तय होना चाहिए कि कौन-कौन सीट कांग्रेस को मिल रही है। अंतिम समय तक टिकट का मामला लटकने से कांग्रेस को पहले बहुत नुकसान हो चुका है। 

श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा, उम्मीदवार हम तय करेंगे

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा कि अब चुनाव में उम्मीदवार हम खुद तय करेंगे। इस मामले में गठबंधन के घटक दलों को हस्तक्षेप नहीं करने दिया जाएगा। कांग्रेस के डेलीगेट अब बिकेंगे नहीं।

Suggested News