BIHAR CRIME: छेड़खानी का विरोध करने पर लड़की के परिवार को बनाया निशाना, 7 लोगों को किया लहूलुहान

VAISHALI: खबर वैशाली के महुआ अनुमंडल अंतर्गत गोरौल से है, जहां नाबालिग से छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने हद पार कर दी। विरोध से बौखलाए बदमाशों ने लड़की सहित परिवार को निशाना बनाया। हमले में परिवार के 7 सदस्य लहूलुहान कर दिया।
मामला गोरौल थाना इलाके का बताया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित लड़की ने बताया कि जब वह घर में अकेली थी। उस दौरान आरोपी बिट्टू पासवान अपने कुछ दोस्तों के साथ घर पहुंचा और उससे छेड़खानी करने लगा। इतना ही नहीं उसे जबरन उठाने की कोशिश भी की। इसी दौरान जब लोगों ने विरोध किया तो आरोपियों द्वारा एक-एक कर सभी पर हमला किया गया। भाई और पिता सहित परिवार के सात लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें सभी घायल हो गए। पीड़ित लड़की के मां के मुताबिक आरोपियों द्वारा पिस्टल से जान से मारने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। वहीं घटना के बाद घायल पीड़ित लड़की के साथ उसके सभी परिजनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में गांव के ही 6 लोगों पर चाकू मारकर घायल करने का आरोप है। फिलहाल सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और जो भी आरोपी है उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।