BIHAR CRIME: लूटकांड में बेटा निकला गुनाहगार तो फंदे से झूल गई मां और बहन, कमरे में पड़ा सुसाइड नोट पढ़कर सभी रह गए सन्न

CHHAPRA: सारण जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल भाई का नाम जब एक लूटकांड में सामने आया तो शर्म के मारे मां और बहन ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बारे में जहां सभी सुनकर हैरान रह गए। वहीं घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को पढ़कर वहां मौजूद हर किसी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना भेल्दी थाना क्षेत्र की है। मौके से पुलिस को चार पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा गया है कि भाई की वजह से प्रतिष्ठा धूमिल हो गई। इज्जत से रहने का मौका नहीं मिला, इसलिए वह दोनों ऐसा कदम उठा रही हैं। उसने लिखा है कि कृप्या मीडिया की सुर्खियां ना बनाएं। इस सुसाइड नोट की सत्यता की पुष्टि न्यूज4नेशन नहीं करता है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। बहरहाल सुसाइड नोट में बहुत कुछ ऐसा लिखा है जिसे पढ़कर आप सोचने के लिए मजबूर हो सकते हैं। आज के माहौल में परिवार में क्या हो रहा है इन तमाम बातों को इसमें देखा जा सकता है। आइए हम पूरा मामला बताते हैं।
मडावरा थाना क्षेत्र में 40 लाख की लूट की घटना हुई थी। युवती का भाई जिले के मढ़ौरा में 40 लाख रुपए की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। जो जानकारी सामने आई है उसमें इसरोली गांव के दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने एक एटीएम संचालक से 40 लाख रुपए हथियार दिखाकर लूट लिये थे। लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। लुटेरों की पहचान के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर 10 लाख रुपए बरामद कर लिए। ये रुपए दो स्थानों से बरामद किए गए हैं। हालांकि रुपयों की बरामदगी, आरोपितों की गिरफ्तारी और दो लोगों के आत्महत्या करने पर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी अब तक नहीं दी गई। अब देखना है कि इस पूरे मामले में पुलिस क्या रुख लेती हैं।
पूरे गांव में चर्चा है कि भेल्दी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक घर के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए 6.5 लाख रुपए पुलिस ने बरामद किए थे। मां बहन को घर में पुलिस का घुसना और घर में अवैध रूप से रुपए आना शर्मिंदगी का कारण बन गया था। खुद को शर्मिंदा महसूस करते हुए एक आरोपित की मां और बहन ने मंगलवार की रात इहलीला समाप्तकर ली। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। युवती ने लिखा है कि उसका भाई हमेशा से ऐसा नहीं था। गांव की ही एक लड़की के चक्कर में पड़कर वह गलत रास्ते पर चल निकला। उसे बर्बाद करने में उसकी प्रेमिका के परिवार का पूरा हाथ है। अब सवाल यह उठता है झूठी मौज मस्ती के लिए युवक ने अपराध का रास्ता अपनाया और यह उसके पूरे परिवार के विनाश का कारण बन गया। वैसे पुलिस इसमें क्या वास्तविकता लाती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।