BIHAR CRIME: लाल सलाम के नाम से संदिग्ध पोस्टरबाजी, पूर्व मुखिया की हत्या की पुनरावृत्ति की दी धमकी

BAGAHA: बगहा पुलिस जिले का नक्सल प्रभावित वाल्मीकिनगर थाना के गोनौली बाजार के एक दीवाल पर सुबह संदिग्ध पर्चा चिपका हुआ दिखा। जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया है। पोस्टर में किसी नक्सली संगठन का नाम नहीं है। पर उसके ऊपर लाल सलाम लिखा हुआ है।
हस्तलिखित पर्चा को पुलिस ने जब्त किया है और इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। पूर्व में नक्सली घटनाओं को लेकर चर्चित इस इलाके में संदिग्ध पर्चा मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। बुधवार की रात वाल्मीकिनगर थाने के गोनौली बाजारमें हस्तलिखित पर्चा चस्पा किया गया था।पर्चे में गोनौली के पूर्व मुखिया मनोज सिंह के हत्या को याद दिलाते हुए नक्सलियों ने पर्चा चिपकाया है। पर्चा के माध्यम से गोनौली के गुमास्ता राजेश को सुधरने का हिदायत दी गयी है।
पर्चे में लिखा है कि गुमास्ता पैसे की लालच में अपनी पुत्री का व्यापार किया है। साथ ही उन पर यह भी आरोप लगाया है कि नारायणापुर की एक महिला के साथ संबंध बनाकर उसे छोड़ दिया। महासंघ से पैसा लेकर अब तक नहीं देने का भी जिक्र पर्चे में किया गया है। इसके साथ ही राजेश पर गोनौली के लोगों से पैसा लेकर फैसला करने की बात भी उसमें लिखी गई है। चंपापुर गोनौली पंचायत के वार्ड सात की वार्ड सदस्य कांति देवी को जान से मारने की धमकी दी गई है। उन पर सरकारी आवास पास कराने के लिए पैसे लेने का जिक्र इसमें किया गया है। इतना ही नहीं कांति देवी के पति जगदेव महतो को भी गरीबों का शोषण करने का जिक्र पर्चे के माध्यम से किया गया है।
चिपकाए गए पर्चे में लिखा गया है कि यह दोनों लोग अपने में सुधार कर लें, वरना गोनौली के पूर्व मुखिया स्व. मनोज सिंह को जैसे गोलियों से भून दिया गया था। उसी तरह से आप दोनों का हाल किया जाएगा। फिलहाल पर्चे को लेकर ग्रामीणों और आसपास के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि इस मामले में अधिकारी अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। वही वाल्मीकि नगर थाना के अधिकारी पर्चे को उजाड़ कर अपने साथ ले गए।