गया: गया-शेरघाटी मुख्य मार्ग में विशुनपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार बाइक सवार युवक की पेड़ से टकराकर मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार गुरुआ के भुइया बिगहा गांव निवासी ऊदल चौधरी का पुत्र मुकेश चौधरी अपनी बाइक से भुइया बिगहा से गया की तरफ जा रहा था। विशुनपुर के पास पेड़ से टकराकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कुछ ही देर बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक छड़ सीमेंट का कारोबार करता था। पांच साल पहले शादी हुई थी। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज गया भेज दिया है। इधर जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था।
घटना की सूचना पाकर पूर्व मुखिया मुरारी प्रसाद, समाज सेवी मंटू मिश्रा, आनंद दांगी गहरा दुख व्यक्त किया है। इन्होंने जिला प्रशासन से मिलने वाली मुआवजा राशि की भी मांग की है।