आम लोगों को बिजली विभाग ने लगाया करंट, 5 से 10 पैसे प्रति यूनिट बढ़ गई दरें, एक अप्रैल से इसी के अनुसार करना होगा भुगतान

PATNA. : बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने कोरोना संकट और लॉकडाउन की मार के बावजूद बिजली की दरें बढ़ा दी हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 0.63 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इससे बिहार में बिजली की दर प्रति यूनिट 5 से 10 पैसे बढ़ जाएगा। यह टैरिफ आदेश एक अप्रैल 2021 से लागू होगा और 31 मार्च 2022 या आयोग द्वारा अगला टैरिफ आदेश निर्गत होने तक प्रभावी रहेगा। लेट फाइन भी बढ़ाई गई है।

आयोग ने यह तर्क दिया
 आयोग के अनुसार बिजली की दर निर्धारण के लिए पांच कंपनियों ने संयुक्त रुप से प्रस्ताव दिया था। इसमें से तीन कंपनियों के प्रस्ताव पर फैसला पहले ही आ चुका था। दो कंपनियों साउथ और नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रस्ताव पर फैसले के बाद नई दरें निर्धारित की गई हैं। कंपनियों ने बिजली की दर में 9 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव पहले ही दे रखा था। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन ने 42.86 प्रतिशत और नॉर्थ बिहार कंपनी ने 27.71 परसेंट का नुकसान दिखाया था। इसलिए रेट बढ़ाने का दबाव ज्यादा था।

राज्य में बिजली उपभोक्ता
 वर्ष 2020 तक बिहार में कुल एक करोड़ 58 लाख 77 हजार 310 विद्युत उपभोक्ता हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 में उपभोक्ताओं की अनुमानित संख्या 1,66,60,541 और 2021-22 में यह 1,75,24,067 है।