भाजपा सांसद सुशील मोदी ने सीएम नीतीश को दिखाया आइना, कहा- वहम में नहीं रहें, लव-कुश वोट खिसक चुका

2024 के आगामी लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बाकी है। ऐसे में पक्ष विपक्ष के ओर से एक दूसरे लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार पर एक बार फिर निशाना साधा है। साथ ही विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि,जो 2014 में आये, वही '24 में और शक्तिशाली होकर सत्ता में आयेंगे।
सुशील मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की बदौलत लोकसभा में जदयू 2 से 16 सीट पर पहुँच गया। वरना राजद की तरह वह भी 2019 में सदन का मुंह न देख पाता। सत्ता के अहंकार में नीतीश कुमार इस हकीकत को भुलाना चाहते हैं। नीतीश कुमार मुगालते में न रहें।
उन्होंने कहा कि, जो 2014 और 2019 में आये, वही बिहार की सभी 40 सीटें जीत कर 2024 में भी केंद्र की सत्ता में और शक्तिशाली होकर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले साल विधानसभा के तीन उपचुनाव हुए, जिन में से दो भाजपा जीती और मोकामा में 64 हजार वोट लाकर पार्टी ने राजद को कड़ी टक्कर दी। लालू प्रसाद के आगे घुटने टेकने के कारण जदयू का लव-कुश और अतिपिछड़ा जनाधार खिसक कर भाजपा के साथ आ चुका है।
मोदी ने कहा कि एक वर्ष में महागठबंधन के साथ न कोई बड़ा नेता जुड़ा, न कोई दल। बिहार में घमंडिया आइएनडीआइए कमजोर हुआ, जबकि चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के आने से एनडीए की ताकत बढी।