बीजेपी सांसद सुशील मोदी ने सीएम नीतीश पर कसा तंज, कहा- टीन का चश्मा लगा रखें हैं, नहीं दिखता केंद्र से दी जाने वाली सौगात

PATNA: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुशील कुमार मोदी अक्सर मुख्यमंत्री पर हमलावर रहते है। एक बार फिर उन्होंने सीएम नीतीश को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि, सीएम टीन का चश्मा लगा के रखे हैं, इसलिए उनको बिहार के लिए केंद्र सरकार के द्वारा दी जाने वाली सौगात दिखाई नहीं दे रही है।
सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार ने टीन का चश्मा लगा रखा है, इसलिए बिहार के विकास के लिए पटना- रांची वंदे भारत ट्रेन और 9,640 करोड़ की एकमुश्त सर्वाधिक सहायता राशि की केंद्रीय सौगात दिखाई नहीं पड़ती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों को एक लाख 30 हजार करोड़ का 50 वर्षीय ब्याज मुक्त ऋण आधारभूत संरचना हेतु देने की बजट में घोषणा की थी। केंद्र ने कल 16 राज्यों के लिए 56 हजार करोड़ की पहली किस्त की मंजूरी दी है। जिसमें सर्वाधिक 9,640 करोड़ बिहार के लिए स्वीकृत है। इस राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई पेयजल, ऊर्जा, सड़क आदि के इन्फ्राएस्ट्रक्चर के विकास पर खर्च होगा। यह राज्य के विकास के निर्धारित ऋण राशि के अतिरिक्त है। जिस पर ब्याज नहीं लगेगा तथा 50 वर्ष में वापस लिया जाना है।
बिहार से आधे दर्जन रेल मंत्री हुए, लेकिन वास्तविक कार्य 2014 के बाद प्रारंभ हुआ। पहले के रेल मंत्री बिना बजटीय प्रावधान के केवल घोषणा करते थे। आज 90% रेल विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। वंदे भारत की 23वीं ट्रेन के लोकार्पण के बाद अब जल्द उसका स्लीपर संस्करण प्रारंभ होगा। बार- बार भेदभाव का आरोप लगाने वालों को केंद्र सरकार का यह करारा जवाब है।