BJP के 'सम्राट' का 'उपेन्द्र' पर निशाना ! कुछ नेता विवादास्पद लेख पर राजनीति चमका रहे.....वैसे लोगों को वक्त समझायेगा

पटनाः सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से करने पर बिहार की राजनीति गरम है। जेडीयू ने साहित्यका दया प्रकाश सिन्हा को बीजेपी का नेता बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीएम मोदी से पुरस्कार वापस लेने को लेकर अभियान छेड़ दिया है। जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह एवं उपेन्द्र कुशवाहा इस मुद्दे पर लगातार बीजेपी और केंद्र सरकार को निशाना बना रहे। बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने बुधवार को बिना नाम लिये जेडीयू नेताओं पर जरूर हमला बोला लेकिन आज उन्होंने सम्राट अशोक को औरंगजेब से तुलना करने वाले साहित्यकार दया प्रकाश सिन्हा के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। अब बीजेपी कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री सम्राट चौधरी ने सवाल उठाने वाले नेताओं पर एक बार फिर से तंज कसा है।
संजय जायसवाल ने दर्ज कराया है केस
मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बीजेपी के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने लेखक दया प्रकाश सिन्हा पर केस करके साहसिक काम किया है। इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक जैसे महान शासक एवं धर्म परायण पुरोधा की तुलना अताताई व आक्रमणकारी औरंगजेब से करने वाले लेखक दया प्रकाश सिन्हा के खिलाफ अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। यह भाजपा के स्वच्छ एवं निष्पक्ष छवि को दर्शाता है.उन्होंने कहा कि डॉ संजय जायसवाल का यह कदम ऐतिहासिक साहसिक एवं सराहनीय है. इस पर भाजपा परिवार फक्र करता है.
सम्राट का उपेन्द्र पर निशाना
सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिये जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा पर तंज कसा। कहा कि कुछ राजनीतिक दल के लोग विवादास्पद लेख पर राजनीति चमकाने का काम करने लगे हैं। लेकिन बीजेपी अध्यक्ष के निर्णय से पूरे मामले का पटाक्षेप हो गया। जो ज्ञानी होता है उसे समझाया जा सकता है ,जो अज्ञानी होता है उसे भी समझाया जा सकता है, लेकिन जो अभिमानी होता है उसे कोई नहीं समझा सकता उसे वक्त ही समझाता है.