सीएम नीतीश के साथ उप मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे भाजपा के सम्राट और विजय सिन्हा, बीजेपी दफ्तर में जदयू के संजय झा कर रहे बैठक

सीएम नीतीश के साथ उप मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे भाजपा क

पटना. बिहार में एनडीए की नई सरकार बनाने को लेकर भाजपा और जदयू ने आपस में रजामंदी तय कर ली है. नई सरकार में नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे. वहीं उप मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के नाम पर पार्टी ने सहमति जताई है. सूत्रों के अनुसार दोनों के नाम पर पार्टी में आम राय बन चुकी है. इसके साथ ही केंद्रीय नेतृत्व भी उनके नाम पर सहमति दे चुका है. वहीं आज शाम करीब 4 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा. शपथ लेने वालों में जदयू की ओर से फ़िलहाल तीन नेता हो सकते हैं. वहीं सीएम नीतीश के इस्तीफा के तुरंत बाद जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा भाजपा दफ्तर पहुंचे और बीजेपी नेताओं से बात की. साथ ही सम्राट और विजय को भाजपा ने सदन में नेता और उप नेता के रूप में बड़ी जिम्मेदारी देने की योजना बनाई है. 

इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपना इस्तीफा देने के बाद राजद और विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर बड़ा हमला बोला है.  उन्होंने कहा कि हमने पिछली बार जिन लोगों के साथ सरकार बनाई उनमें काम के क्रेडिट लेने की होड़ थी. हमने अपनी पार्टी की राय मानकर इस्तीफा दिया है. साथ ही महागठबंधन सरकार को खत्म कर दिया गया है. अब हम महागठबंधन से अलग हो गए हैं. उन्होंने कहा कि इधर आकर महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था. इसलिए हमने अब इनसे अलग होने का निर्णय लिया है. 

वहीं भाजपा के साथ मिलकर सरकर बनाने के सवाल पर सीएम नीतीश ने कहा कि अब हम पुराने साथियों के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे. अब उन लोगों (भाजपा और एनडीए) को तय करना है कि कब सरकार की पहल की जाए. अगर उनकी मर्जी होगी तो आज ही नई सरकार का गठन हो जाएगा. वहीं इंडिया पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमने कितना कुछ काम किया. सब लोगों को साथ लाने की कोशिश की लेकिन इन लोगों ने कोई काम नहीं किया. काम नहीं होने से तकलीफ हुआ जिस कारण इस्तीफा दिय हूँ. 

इसके पहले बिहार में राजनीतिक ड्रामा का पटाक्षेप हो गया है. बिहार में कुछ दिनों से जो राजनीतिक कयास लगाए जा रहे थे वह क्लाइमेक्स पर पहुंच गया है, नीतीश ने अपने इस्तीफा का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री नीतीश इस्तीफा देने के लिए राजभवन पहुंच गए हैं. राजभवन पहुंचकर नीतीश कुमार नें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया.