बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने ढाया सितम, कई जिलों में पारा हुआ 4 डिग्री, पटना में सीजन का सबसे कम तापमान, दोपहर में ठिठुरन
पटना. भीषण सर्दी का सितम पूरे बिहार पर कहर ढा रहा है. सोमवार को राज्य के कई जिलों में तापमान लुढ़ककर 5 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम पहुंच जाने से दोपहर में भी लोगों को ठिठुरन का अहसास होने लगा. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को गया में 4.1, कैमूर में 4.3 डिग्री, बक्सर और डेहरी में पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं औरंगाबाद में 5.3, पटना में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. पटना सहित कई अन्य जिलों में यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है. वहीं राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाने से सर्दी के सितम से लोग परेशान हैं.
सर्द हवाओं ने पूरे राज्य को लोगों कांपने पर मजबूर कर दिया.लोगों को ठंड के साथ गलन ने घर में रहने को मजबूर किया. वैसे मौसम विभाग के अनुसार पटना समेत पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड से अभी राहत मिलने की फिलहाल उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने 25 जनवरी तक के लिए कोल्ड डे को लेकर अलर्ट किया है. बिहार में सर्दी के बीच घने कोहरे और शीतलहर ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. ट्रेनों की रफ्तार सुस्त पड़ी है तो वहीं, फ्लाइट्स भी लेट हो रही हैं. कई उड़ानों के रद्द किया गया है.
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुमान के अनुसार बिहार में अगले दो-तीन दिन कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है.तो भोजपुर,रोहतास,भभुआ और औरंगाबाद में कड़ाके की ठंड पड़ रही है.किशनगंज में कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही. फारबिसगंज के लोगों को सर्द मौसम ने हिला कर रख दिया है. बात करें दक्षिण-मध्य बिहार में दोपहर बाद ठंडी हवा और तेज हो गयी.मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है.मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जमुई,बांका, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया में घना कोहरा छाया रहेगा.विभाग ने सीवान, छपरा, गोपालगंज,मोतीहारी,बेतिया, वैशाली,मुजफ्फरपुर के लिए शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के बारंबार आने की संभावना के कारण पिछले साल के मुकाबले कोल्ड डे अधिक रहेगा. 22 से लेकर 24 जनवरी तक प्रचंड कोल्ड डे का संभावना मौसम विभाग ने जाहिर की है.