जहानाबाद में 11 साल पहले नदी में मिली बुद्ध मूर्ति को चोरों ने किया गायब, ग्रामीणों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

JEHANABAD : जिले में अपराधी बेख़ौफ़ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला जहानाबाद के तिताई बिगहा गांव में सामने आया है। जहाँ चोरों ने बुद्ध मूर्ति को निशाना बनाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि 11 साल पहले नदी से भगवान बुद्ध की मूर्ति मिली थी। पिछले कुछ दिनों से कई बार चोरों ने उसे चुराने की कोशिश की थी। हर बार चोरों को असफलता हाथ लगी थी। इसी कड़ी में रात को गांव में तेज बारिश हो रही थी। इसका फायदा उठाकर चोरों ने मूर्ति को तोड़ लिया और आधा भाग लेकर चले गए।
गांव वाले मूर्ति को बेशकीमती धातु का बता रहे हैं। इस मामले को लेकर परसबीघा थाना अध्यक्ष से बात की। उन्होंने बताया की मूर्ति नदी में पुलिस को मिली थी। जिसे पुलिस ने गांव वालों को 10 साल पहले सौंप दिया था।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि हमने पुरातत्व विभाग के अधिकारियों से चेक कराया था। मूर्ति साधारण पत्थर की थी। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले लेगी।
जहानाबाद से रितेश कुमार की रिपोर्ट