बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में बैग क्लस्टर का किया निरीक्षण, निर्माण सामग्रियों की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में बैग क्लस्टर का किया निरीक्षण, निर्माण सामग्रियों की ली जानकारी

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत बेला औद्योगिक क्षेत्र में बैग क्लस्टर का भ्रमण कर जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान बैग क्लस्टर में निर्मित सामग्रियों की निर्माण प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। भ्रमण के क्रम में उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौन्ड्रिक ने बैग उत्पादन इकाई की प्रगति एवं चल रही गतिविधियों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत रूप से जानकारी दी। 

भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने मेसर्स सोनी बैग निर्माण, मेसर्स कविता बैग निर्माण, मेसर्स राधा बैग निर्माण, मेसर्स कांति बैग निर्माण, मेसर्स अंजू बैग निर्माण सहित अन्य बैग उत्पादन इकाइयों का जायजा लिया। इस दौरान महिला उद्यमियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोरोना काल में हुए लॉकडाउन के कारण स्थिति काफी बिगड़ गई थी। अब धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हो रहा है। बैग उत्पादन इकाई में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां काम कर रही हैं। इससे उनके परिवार में खुशहाली आयी है। जीविका समूह और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की ये देन है कि बिहार में बड़ी संख्या में महिलाएं अपना उद्योग स्थापित करने में सफल हुई हैं। यह संख्या दिनों-दिन बढ़ रही है। राज्य सरकार की तरफ से उद्यमियों को हरसंभव सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यहां लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, हर प्रकार से इन्हें अधिक से अधिक सहूलियत मिले, इसके प्रति सजग रहें। यहां काफी अच्छा काम हो रहा है। 6 माह पहले भी हम यहां आए थे। आज फिर हमने आकर देखा है। काफी बढ़िया काम हो रहा है। लोगों को यहाँ तरह-तरह के रोजगार मिल रहे हैं। बिहार में जीविका समूह से अबतक 1 करोड़ 30 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं जो किसी न किसी काम को अंजाम दे रहीं हैं। यहां जो भी दिक्कतें संज्ञान में आये, उसे तत्काल दूर करें।

महिला उद्यमियों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिह्न एवं बैग भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना अंतर्गत विभिन्न बैंकों द्वारा प्रदत ऋण से संबंधित सांकेतिक चेक मुख्यमंत्री ने लाभुकों को प्रदान किया। इसके पूर्व बैग क्लस्टर, औद्योगिक क्षेत्र बेला में जीविका दीदियों द्वारा संचालित जीविका दीदी की रसोई एवं पालनाघर के शिलापट्ट का अनावरण कर तथा फीता काटकर मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। शुभारंभ के पश्चात् मुख्यमंत्री ने जीविका दीदी की रसोई एवं पालनाघर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने चिकित्सा कक्ष, रसोईघर, भोजन कक्ष आदि का जायजा लिया और पालनाघर में छोटे-छोटे बच्चों को खेल-खेल में दी जा रही शिक्षा का भी अवलोकन किया। वहां पढ़ रहे बच्चों और शिक्षिकाओं से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे हमारे भविष्य हैं, इन्हें बेहतर ढंग से शिक्षा प्रदान करें ताकि वे बड़े होकर राज्य और देश को आगे बढ़ाने में अपनी महती भूमिका निभा सकें।

Suggested News