मुख्यमंत्री के इकलौते बेटे का आया ब्रेन स्ट्रोक, इमरजेंसी में एयर एंबुलेंस से किए गए मुंबई रेफर

DESK : पूरा गुजरात आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। प्रदेश में कई जगह कार्यक्रम हो रहे हैं। इन सबके बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल के परिवार को गहरा झटका लगा है। उनके इकलौते बेटे अनुज पटेल(37साल) को आए ब्रेन स्ट्रोक के कारण मुंबई रेफर करना पड़ा है। अनुज पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। उनका अहमदाबाद में कंस्ट्रक्शन का बिजनेस है। सीएम पटेल भी बेटे के साथ मुंबई पहुंचे हैं।
बता दें कि 37 साल के अनुज पटेल को रविवार दोपहर करीब तीन बजे ब्रेन स्ट्रोक आया था। उन्हें अहमदाबाद के केडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन हुआ।इसके बाद सीनियर डॉक्टर्स की सलाह पर आगे के इलाज के लिए अनुज को मुंबई हिंदुजा हॉस्पिटल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
गुजरात गौरव दिवस में नहीं शामिल होंगे सीएम
बता दें, आज गुजरात गौरव दिवस के मौके पर पूरे गुजरात में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सीएम भूपेंद्र पटेल जामनगर के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। लेकिन अब वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनकी जगह अब राज्यपाल आचार्य और स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश भाई पटेल कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
राज्यपाल और प्रदेश अध्यक्ष भी अस्पताल पहुंचे
अनुज का हालचाल जानने आज सुबह राज्यपाल आचार्य देवव्रत और प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल भी केडी अस्पताल पहुंचे थे। इन्हीं की मौजूदगी में ही अनुज को एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया। सीएम भूपेंद्र पटेल बेटे के साथ ही मुंबई रवाना हो गए।