सीएम नीतीश ने पीएमसीएच में 903 करोड़ की पुनर्विकास परियोजना का किया शिलान्यास, बिहार के सबसे बड़े अस्पताल में मिलेंगी खास सुविधा

सीएम नीतीश ने पीएमसीएच में 903 करोड़ की पुनर्विकास परियोजना क

पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को 903.57 करोड़ की लागत की पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पी०एम०सी०एच०) के पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत नवनिर्मित भवनों सहित बिहार की 214 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 17 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। पी०एम०सी०एच० के पुनर्विकास परियोजना के अलावे मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट अनावरण कर 408.68 करोड़ रुपये की लागत से राज्य की 211 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

550 शैय्या का छात्रावास भवन: मुख्यमंत्री ने पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पुनर्विकास परियोजना (फेज-1) के अंतर्गत केंद्रीय उपयोगिता खंड (सी०यू०बी०) में अवस्थित बाह्य रोगी विभाग का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और इसके पश्चात् नवनिर्मित भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पुनर्विकास परियोजना फेज 1 के अंतर्गत 550 शैय्या के छात्रावास भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और नवनिर्मित छात्रावास भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। 

बहुमंजिली पार्किंग भवन का अनावरण  : मुख्यमंत्री ने पी०एम०सी०एच० के बहुमंजिली वाहन पार्किंग भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री अपने वाहन से ही नवनिर्मित बहुमंजिली पार्किंग भवन के सबसे ऊपरी तल्ले पर गए और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान के इमरजेंसी वार्ड में गए और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पी०एम०सी०एच० परिसर में 132/33 के0वी0 ग्रीन जी०आई०एस० ग्रिड उपकेंद्र का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।

5462 बेड का अस्पताल  :पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के पुनर्विकास परियोजना के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य मार्च 2024 में प्रारंभ किया जा रहा है। तृतीय चरण का निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू किया जाएगा ताकि पुनर्विकास परियोजना को तेजी से पूरा किया जा सके। पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल राज्य का महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान है। इसके गौरवशाली इतिहास को देखते हुए सीएम नीतीश के निर्देश पर इसे 5462 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है जिसकी कुल लागत लगभग 5540 करोड़ रुपये है। अस्पताल भवन की छत पर एयर एंबुलेंस हेतु हेलीपैड का प्रावधान किया गया है। इसे देश के सबसे बड़े अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुनर्विकसित परियोजना के तहत पी०एम०सी०एच० को आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधायक नितिन नवीन, जदयू के वरिष्ठ नेता अरविंद कुमार उर्फ़ छोटू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे.  

पीएमसीएच में विकास कार्यों का जायजा लेते सीएम नीतीश, साथ में उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के वरिष्ठ नेता अरविंद कुमार उर्फ़ छोटू सिंह आदि.