कोरोना का आतंक! राजस्थान में 14 और दिल्ली में सात दिन का लगेगा लॉकडाउन, इन राज्यों में भी चल रही है तैयारी

New Delhi/Jaipur : देश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में देश में 2.74 लाख नए संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसके बाद कई राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। इनमें छ्त्तीसगढ़ के आधे से ज्यादा जिलों में पहले से ही लॉकडाउन लगा है और अब उसकी अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है. वहीं अब राजस्थान और दिल्ली सरकार ने भी पूर्ण लॉकडाउन का फैसला कर लिया है। 

राजस्थान में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए गहलोत सरकार ने आज यानी 19 अप्रैल से 3 मई तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया है। गहलोत सरकार ने इस लॉकडाउन को 'जन अनुशासन पखवारा' नाम दिया है। लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी सेवाएं बंद रहेंगी। बाजार, मॉल, सिनेमाघर और रेस्तरां बंद रहेंगे। वहीं होम डिलीवरी के लिए छूट रहेगी। मजदूरों का पलायन न हो इसलिए कंस्ट्रक्शन वर्क जारी रहेगा। इंडस्ट्रीज को भी लाकडाउन से छूट दी गई है।

दिल्ली में सात दिन का पूर्ण कर्फ्यू

छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तरह देश की राजधानी दिल्ली में सात दिन का कर्फ्यू लगाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि केजरीवाल सरकार इसको लेकर थोड़ी देर में अधिकारिक घोषणा कर सकती है। यहां आगामी 26 अप्रैल तक पूर्ण कर्फ्यू लगाने की बात कही जा रही है। जिसमें इसमें सोमवार रात 10 बजे से लेकर आगामी 26 अप्रैल तक दिल्ली में पूर्ण कर्फ्यू लगाया जाना भी शामिल है। संभव है कि वीकेंड लॉकडाउन (वीकेंड कर्फ्यू) की तरह कई और सख्ती भी लागू की जा सकती हैं। 

बिहार, मप्र, यूपी और महाराष्ट्र में भी मांग

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए बिहार, यूपी, मप्र और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग तेज हो गई है। इन राज्यों में फिलहाल नाइट कर्फ्यू और वीकेंड लॉकडाउन लगाया जा रहा है। माना जा रहा है कि जल्दी ही इन राज्यों में भी महामारी को देखते हुए सरकार बड़ा फैसला ले सकती है।