पटना: राजधानी से एक अनोखी खबर है। यहां पुलिस ने एक युवक को तब पकड़कर जेल में डाल दिया, जब वह बजाप्ते सेहरा पहनकर शादी करने निकला था। मिली खबर के अनुसार जिले के नौबतपुर के खजुरी का निवासी राहुल कुमार दुल्हा बनकर पूरी तैयारी के साथ घर से विवाह करने निकला था लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद युवक विवाह मंडल से सीधे जेल पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार युवक पर आरोप था कि वह पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने जा रहा था। जिसकी भनक पहली बीवी को लग गयी और उसने पुलिस से इसकी शिकायत कर दी। ज्ञात हो कि पहली पत्नी के आवेदन के संदर्भ में पुलिस पहले भी राहुल को तलाशने गयी थी तब वह फरार मिला था लेकिन शुक्रवार को इसकी भनक मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी। पुलिस ने राहुल को बिहटा-सरमेरा पथ पर महमदलिचक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
खबर के अनुसार राहुल कुमार की शादी पालीगंज के धरहरा निवासी फूलमती कुमारी के साथ वर्ष 2019 में हुई थी। उसके दो संतान भी हैं। शादी के कुछ दिनों बाद से ही राहुल पत्नी को प्रताडि़त करने लगा। इसके बाद पहली पत्नी को मायके में ही छोड़ दिया। इसी बीच पति राहुल ने चुपके से नालंदा जिले की एक युवती से दूसरी शादी तय कर ली। जिसकी शिकायत पहली बीवी द्वारा करने पर पुलिस ने यह कदम उठाया।