बांका में स्नान करने के दौरान डीलर की पोखर में डूबने से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बांका में स्नान करने के दौरान डीलर की पोखर में डूबने से हुई

BANKA : बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुर पंचायत अंतर्गत बिशनपुर कोठिया गांव में पोखर में डूबकर एक वृद्ध की मृत्यु हो गई। मृतक ओपेंद्र नारायण सिंह वार्ड नंबर 6 के डीलर भी थे। मृतक के पुत्र पूर्व पंचायत समिति सदस्य कुंदन सिंह ने बताया कि उनके आवास के नजदीक उन्होंने मछली पालन हेतु एक पोखर का निर्माण कराया था। जिसमें उनके पिता कभी-कभी मछली को चारा देने एवं स्नान हेतु जाया करते थे।

आज भी उनके पिता स्नान करने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में डूब गए। कुछ ग्रामीणों के द्वारा उन्हें डूबते देखा गया। जिसके बाद शोर सुन सभी परिजन वहां पहुंचे और बड़ी मशक्कत से उन्हें पोखर से बाहर निकाला। आनन फानन में एंबुलेंस से उन्हें अमरपुर के रेफरल अस्पताल लाया। जहां डॉक्टर अपूर्व अमन सिंह ने जांचोंपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। 

इसके दौरान वहां खड़े अन्य परिजनों की भी आंखें नम हो गई। इधर मृत्यु की सूचना पर क्षेत्र भर के जनप्रतिनिधि एवं डीलर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शोक सांत्वना व्यक्त किया। वहीं अमरपुर पुलिस के द्वारा यूडी केस दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु बांका भेज दिया गया। 

Nsmch

बांका से चन्द्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट