उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने विधि-विधान से की भाई दूज की पूजा, बजरी खिलाकर की लंबी उम्र की कामना, छठव्रतियों के बीच बांटा सामान

BETTIAH: भाई बहन के अटूट प्रेम का महान पर्व भैया दूज आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अपने भाइयों की लंबी उम्र व दीर्घायु होने की कामना करने के लिए महिलाएं बड़े ही धूमधाम से इस पर्व को मनाती हैं। पूरे देश की आधी आबादी आज भाइयों के लिए इस पर्व को मनाती हैं और अपने अपने भाइयों के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगती है।
इसी बीच बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी पश्चिम चम्पारण स्थित अपने गृह जिला पहुंची, जहां उन्होनें विधि-विधान से भाई दूज की पूजा की और भाइयों को बजरी खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने सभी को भाई दूज के पर्व की बधाई देते हुए कहा कि भाई-बहन के प्रगाढ़ संबंध को दर्शाने वाला यह पर्व आप सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए, यही मेरी कामना है। जिस तरह से महिलाएं आज विधि-विधान से पूजा कर भाइयों को तिलक लगाती हैं और बजरी खिलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना करती हैं, ठीक उसी तरह से मैं भी भाइयों के लिए पूजा करने आई हूं।
इसके अलावा उन्होनें आने वाले महापर्व छठ को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही छठव्रतियों के बीच दउरा, साड़ी और सूप सहित अन्य सामग्री वितरित की। इसके अलावा उन्होनें महापर्व को लेकर सभी तैयारियां समय से पहले पूरा करने की सलाह दी, ताकि छठव्रतियों को किसी तरह की दिक्कत का सामना ना करना पड़े।