बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

गोपालगंज में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में उप सरपंच को लगी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज

गोपालगंज में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में उप सरपंच को लगी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज

GOPALGANJ : जिले के भोरे थाने के डिघवा गांव में दो पक्षों के बीच हो रही गोलीबारी में अपने दरवाजे पर बैठे छठियांव ग्राम कचहरी के उप सरपंच को गोली लग गई। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए तत्काल रेफरल अस्पताल भोरे ले गए, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया और गोली चला रहे लोग वहां से भाग खड़े हुए।

इस घटना में एक गाय को भी गोली लगने की बात ग्रामीण बता रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। बताया जाता है कि थाने के डिघवा गांव में दो पक्ष वर्चस्व को लेकर सोमवार की शाम आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों के बीच गोली चलने लगी। इसी दौरान अपने दरवाजे पर बैठकर अपने पशुओं को चारा खिला रहे छठियांव ग्राम कचहरी के उप सरपंच मारकंडेय मिश्रा के पैर में गोली लग गई।  जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।  

बताया जाता है की उप सरपंच दोनों में से किसी भी पक्ष के नहीं हैं। वह गोलीबारी कर रहे लोगों को डांट फटकार कर हटा रहे थे कि मेरे दरवाजे पर आप लोग इस तरह की घटना मत कीजिए। इसी दौरान एक गोली आकर उनके पैर में लग गई और वे जमीन पर गिर गए। इसके बाद दोनों पक्ष गोली चलाना बंद कर वहां से भाग गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने मारकंडेय मिश्रा को रेफर अस्पताल भोरे पहुंचाया।  जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। 

अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ खाबर इमाम ने बताया कि गोली मारकंडेय मिश्रा के जांघ में फंसी हुई है। इसके लिए उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जमीनी विवाद के कारण दो पक्षों के बीच में लड़ाई चल रही थी। इसी दौरान गोली चली हैं। विधि व्यवस्था सामान्य है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है। पूर्व में भी संपति विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर केस किया था।

गोपालगंज से मनान अहमद की रिपोर्ट

Suggested News