नवादा... जिले में अचानक अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। हत्या की बढ़ती घटनाओं से जिलेवासी सकते में हैं। पिछले बीस दिनों में अपराधियों ने जिले के नौ लोगों को मौत की नींद सुला दिया। ट्रिपल मर्डर, डबल मर्डर जैसी घटनाओं का भी यह जिला गवाह बन गया। रजौली, कौआकोल, हिसुआ व वारिसलीगंज में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया गया है।
30 नवंबर को रजौली थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर कांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को कामयाबी हाथ लगी। रिटायर दारोगा शिवनारायण राम की दूसरी पत्नी लाछो देवी व उसके दो पुत्रों की हत्या की गई थी। इस मामले में मृतका के सौतेले पुत्र समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि दो लोग अभी भी फरार चल रहे हैं।
वहीं 6 दिसंबर को रजौली थाना क्षेत्र के सवैयाटांड़ जंगल में एक युवती की हत्या के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। जबकि 7 दिसंबर को कौआकोल थाना क्षेत्र के छबैल गांव में जलवाहक सह पूर्व वार्ड सदस्य रामबरन ठाकुर की हत्या मामले में एकमात्र आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा अन्य घटनाओं में पुलिस को अबतक किसी प्रकार की सफलता नहीं मिल सकी है। डबल मर्डर की गुत्थी अबतक बरकरार है। पुलिस को इसमें कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका है।
वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में पिता की हत्या के बाद उसकी नाबालिग पुत्री को लापता कर दिए जाने के मामले में भी पुलिस खाली हाथ है। अचानक इस प्रकार की वारदातों से आमजन तो परेशान हैं ही, पुलिस भी बैक फुट पर है। हालांकि पुलिस जांच में जुटी है। वैज्ञानिक तरीके से जांच चल रही है।
इस दिन दिया घटनाओं का अंजाम
30 नवंबर - रजौली थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में रिटायर्ड दरोगा शिवनारायण राम की पत्नी लाछो देवी, पुत्र राजीव कुमार व राज कुमार की हत्या। मामले में सौतेला पुत्र समेत दो गिरफ्तार।
2 दिसंबर - हिसुआ थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक निवासी पप्पू महतो की राजगीर में हत्या। अबतक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं।
3 दिसंबर - रूपौ सहायक थाना क्षेत्र के बेनीपुर जंगल में अशोक राजवंशी व बच्चू राजवंशी की हत्या। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं।
6 दिसंबर - रजौली थाना क्षेत्र के सवैयाटांड़ जंगल में बबीता देवी की फांसी लगाकर हत्या। मामले में एक आरोपित गिरफ्तार।
7 दिसंबर - कौआकोल थाना क्षेत्र छबैल गांव में जलवाहक रामबरन ठाकुर की हत्या। गर्दन में कैंची घोंप कर की गई हत्या। मामले में एक आरोपित गिरफ्तार।
16 दिसंबर - वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में शिवशंकर सिंह की गला रेत कर हत्या, नाबालिग पुत्री लापता। किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं।
नवादा से अमन की रिपोर्ट