नालंदा में करंट की चपेट में आने से किसान की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
PATNA: बिहार के नालंदा में करंट की चपेट में आने से एक किसान की जान चली गई है। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना दीपनगर थाना इलाके के डुमरावां छोटकी आहरा गांव का है। जहां मवेशी चराने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक डुमरावां गांव निवासी स्वर्गीय प्रसादी यादव का 59 वर्षीय पुत्र नरेश यादव है।
वहीं मौत की सूचना मिलते ही अब परिवार वालों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि दोपहर मवेशी चराने के लिए खंधा जा रहे थे। इसी दौरान पूर्व से गिरे हुए हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। आसपास के ग्रामीण दौड़कर उन्हें इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उनका आरोप है कि तार गिरने की सूचना बिजली विभाग को दी गई थी। बावजूद लाइन नहीं काटी गई थी यहीं कारण है कि यह हादसा हुआ।
घटना के बाद परिवार में चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं मामले को लेकर दीपनगर थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह ने बताया कि करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट