BANKA: बांका के अमरपुर के खंजरपुर गांव में बुधवार को ट्रैक्टर के चपेट में आने से छह वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बच्ची तुफान ठाकुर की पुत्री कुसुम कुमारी थी। बच्ची की मां पूनम देवी ने बताया कि उसकी पुत्री कुसुम कुमारी घर के आगे सड़क किनारे अन्य हमउम्र बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान खेत जोतने जा रहे ट्रैक्टर चालक ने अनियंत्रित होकर ठोकर मार दिया।
वहीं आनन- फानन में परिजनों ने बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉ. पंकज कुमार ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद बच्ची का शव लेकर परिजन अपने घर खंजरपुर चले गये। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी ओर बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के शोभानपुर गांव के पश्चिम खपरा बहियार में करंट लगने से एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। फिलहाल उसकी इलाज रेफरल अस्पताल में जारी है। जहां चिकित्सक ने कुसुम देवी का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। मामलों को लेकर परिजनों ने बताया कि महिला खपरा बहियार घास काटने गई थी। वहीं गांव के लोगों द्वारा बिजली मोटर चलाने के लिए तार लेकर गया था।
जानकारी अनुसार तार टूटकर खेत में गिरा पड़ा था। वहीं महिला विद्युत प्रवाहित तार के चपेट में आ गई और गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जिसके बाद बहियार में मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाने पर महिला का पुत्र रूपेश कुमार मौके पर पहुंचकर विद्युत प्रवाहित तार को अलग किया। वहीं महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया है।