सड़क दुघर्टना में चार युवकों की मौत, तेज गति से जा रही हाईवा ने बारात में शामिल होने जा रहे चार दोस्तों को कुचला..गांव में पसरा मातम

सड़क दुघर्टना में चार युवकों की मौत, तेज गति से जा रही हाईवा

गया - बिहार में रफ्तार का कहर लगातार देखने को मिल रहा है. ताजा मामला सोमवार की देर शाम गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के खिजरसराय - रामपुर मोड़ के पास अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आने से अपाची बाइक पर सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. युवक चाकंद थाना क्षेत्र के किसी गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे.

शादी के बीच मातम में बदलीं खुशियां

 सभी मृतक बेलागंज थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के बताए जा रहे हैं. एक साथ गांव के चार युवकों की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. शादी की खुशियों के बीच गांव में मातम का पसर गया है. 

कैसे हुई दुर्घटना?

बेलागंज थाना क्षेत्र के सिमरा गांव से चाकंद थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात जा रही थी, जिसमे शामिल होने के लिए अपाची बाइक से चार युवक बारात जा रहे थे. चारों युवक खिजरसराय रोड से एनएच पर उतरे तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार चारों युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई.हादसे के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए. 

घटना के बाद हाइवा का चालक गाड़ी लेकर फरार

 वहीं हाईवा का चालक घटना के बाद गाड़ी लेकर भागने में सफल हो गया. घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच चारों शवों को कब्जा में लेते हुए अन्तःपरिक्षण के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कालेज भेज दिया. थानाध्यक्ष विनय कृष्ण प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दिया गया है और चारों युवकों के शव को अंतः परीक्षण के लिए भेज दिया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक हीं अपाची बाइक से चार युवक बेलागंज थाना क्षेत्र के सिमरा गांव से राजाराम प्रजापत के बड़े बेटे की शादी में चाकंद क्षेत्र में बारात जा रहे थे। उसी दौरान ज्यों हीं अपाची सवार एनएच 83 पर रामपुर खिजरसराय मोड़ के पास पहुंचे। एनएच पर तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा के चपेट में आ गए। नतीजा यह हुआ कि एक हीं बाईक पर सवार चारों युवकों की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलागंज थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी राजाराम प्रजापत के बड़े बेटे का बारात चाकंद थाना क्षेत्र के किसी गांव में जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए दुल्हा का छोटा भाई राजाराम प्रजापत का छोटा बेटा पीटी कुमार अपने अपाची बाईक से अपने तीन अन्य मित्रों के साथ बारात के लिए निकला। एक हीं अपाची बाईक पर राजाराम प्रजापत का छोटा बेटा 14 वर्षीय पीटी कुमार के गांव के हीं दोस्त राजू पासवान के 18 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार, टूटू पासवान के 22 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र कुमार और गांव के एक दामाद पटना जिला के बिहटा निवासी कामदेव पासवान के 25 वर्षीय पुत्र पुरूषोत्तम कुमार  बारात के लिए घर से निकले थे। दुर्घटना में मारे गए सभी मृतकों के शवों को पुलिस घटनास्थल से अपने कब्जे में लेकर अंतः परीक्षण के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष विनय कृष्ण प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में मृत युवकों के शवों को का अंतः परीक्षण कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर एक साथ चार युवकों की हुई मौत की सूचना के बाद सिमरा गांव में चिखपुकार मच गई। पूरे गांव में कोहराम मच गया। शादी के खुशी का माहौल मातम में बदल गया। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। गांव में बड़े बुजुर्ग पीड़ित परिजनों और महिलाओं को सांत्वना देने में लगे रहे.


प्रभात कुमार मिश्रा की रिपोर्ट