PATNA: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक की है। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधियों को NHM के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली राशि को ढाई गुना बढ़ाते हुए रू.2500 प्रति माह मानदेय करने का आश्वासन दिया। इस पर लगभग रू. 180 करोड़ प्रतिवर्ष अतिरिक्त राशि व्यय होगी।
बता दें कि, तेजस्वी यादव ने आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत दी है। वहीं केंद्र से संबंधित अन्य मांगों हेतु स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। वहीं आशा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
आपकों बता दें कि, पिछले 31 दिनों से आशा कार्यकर्ताओं अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर थी। राज्य के हर जिले में आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। इनकी मांग थी कि, आशा को राज्यकर्मी का दर्जा दी जाए। आशा और फैसिलिटेटर को 10 हजार मासिक वेतन, कोरोना महामारी में मृत आशा कार्यकर्ताओं के स्वजन को चार लाख रुपये का मुआवजा, पेंशन योजना बहाल करने के साथ अन्य मांग थी। जिसको लेकर विरोध प्रदर्शन अबतक जारी थी।
बताते चलें कि, बीते दिन डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव के विभाग में नियमितीकरण की मांग को लेकर नियोजित आशा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया था। इन्हें वाम दलों ने अपना समर्थन दिया था। आशा कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया। इनका कहना है कि कई साल से ये लोग नियोजित कर्मी के रूप में सेवा दे रही हैं। बिहार सरकार हमें राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान करे।