नालंदा में सोने का चेन नहीं मिलने पर ससुरालवालों ने की विवाहिता की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा में सोने का चेन नहीं मिलने पर ससुरालवालों ने की विवाह

NALANDA : जिले के हिलसा थाना इलाके के गौरापर भट्ट बिगहा गांव में दहेज में महज एक गले का चेन नहीं मिलने पर दहेज दानव ससुराल वालों ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप महिला के पति और सौतन पर मायके वाले लगा रहे हैं। मृतका की पहचान संजय यादव की 22 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में की गई है। 

चांदी थाना क्षेत्र के लक्ष्मी बिगहा निवासी मृतका के भाई आकाश कुमार ने बताया कि 2 साल पहले संजय से उसकी शादी हुई थी। वह पहले से ही शादीशुदा था। पहली पत्नी से संतान नहीं होने पर उसने दूसरी शादी की थी। शादी के बाद उसकी बहन से संतान पैदा होने पर सौतन की नियत बदल गई।

वह उसे हटाने के नियत से बार-बार उसे दहेज के लिए मारपीट और प्रताड़ित किया करती थी। गुरुवार की रात उसके साथ पति और सौतन ने मिलकर मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना मायके वाले को दिया।  

इसके बाद उसने उसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस गांव पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दी। हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

नालंदा से राज की रिपोर्ट